जालंधर| हॉकी इंडिया द्वारा झारखंड के रांची में तीन जुलाई से 13 जुलाई तक आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में भाग लेने वाली पंजाब सब जूनियर महिला हॉकी टीम रांची के लिए रवाना हो गई है। पीआईएस मोहाली सेंटर की तनु रानी को पंजाब सब जूनियर महिला हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और महासचिव अमरीक सिंह पुआर ने बताया कि इस टीम को राउंड ग्लास स्पोर्ट्स की ओर से बेहतरीन खेल किट और ट्रैक सूट मुहैया करवाए गए हैं। नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में पंजाब अपना पहला मैच सात जुलाई को ओड़िशा के खिलाफ खेलेगा। उन्होंने बताया कि चयनित टीम में तनु रानी के अलावा हैरी, सुखमनप्रीत कौर, राजप्रीत कौर, नवजोत कौर, रशमीन कौर, सलोनी, तानिया चंदेलिया, संध्या शास्त्री, रमनदीप कौर, तरनवीर कौर, मनप्रीत कौर, रमनदीप कौर, जैसमीन गिल, सानिया खान, तानिया वर्मा, जर्मनप्रीत कौर और इवनित कौर शामिल हैं। टीम की कोचिंग अंकिता शर्मा द्वारा की जाएगी तथा प्रबंधन मनदीप सिंह द्वारा किया जाएगा।