पंजाब CM के प्रचार वाली सभी सीटें हारी AAP:दिल्ली में मान 12 सीटों पर गए थे; कांग्रेस विधायक दल के नेता बोले- केजरीवाल यहां मुख्यमंत्री बनेंगे

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के CM भगवंत मान ने दिल्ली में जिन-जिन सीटों पर प्रचार किया, उन सभी पर पार्टी हार गई। CM भगवंत मान ने यहां 12 सीटों पर प्रचार किया था। जिनमें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की सीट भी शामिल थी। हालांकि ये दोनों भी चुनाव हार गए। वहीं पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में दावा किया कि अब अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इसके लिए उन्होंने पंजाब में AAP के प्रधान और मंत्री अमन अरोड़ा के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें अरोड़ा ने कहा था कि कोई हिंदू भी पंजाब का मुख्यमंत्री बन सकता है। CM पद को हिंदू और सिख चेहरे के बजाय, सरकार चलाने की क्षमता के हिसाब से देखा जाना चाहिए। बाजवा ने दावा किया कि लुधियाना में इनकी पार्टी के एक MLA गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद विधानसभा सीट भी खाली पड़ी है। बाजवा ने कहा कि इस दांव के बाद CM मान और दूसरे ग्रुप के समर्थकों के बीच आंतरिक टकराव हो सकता है। हालांकि AAP ने उनके दावे को लेकर अभी कोई बयान नहीं दिया है। CM मान के अलावा पंजाब प्रधान भी पार्टी को नहीं जिता पाए
दिल्ली के बाद पंजाब में ही AAP की सरकार बनी। इसलिए दिल्ली को बचाने के लिए पंजाब के AAP नेताओं ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी। सीएम भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली और मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र जंगपुरा के अलावा शकूर बस्ती, आदर्श नगर, पालम, जनकपुरी, द्वारका, मादीपुर, रोहतास नगर, कस्तूरबा नगर, विकासपुरी, विश्वास नगर में प्रचार किया था। सब जगह AAP चुनाव हार गई। पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी दिल्ली में अपनी पार्टी के लिए कोई सीट नहीं जीत पाए। अमन अरोड़ा ने केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली के साथ-साथ नजफगढ़ में भी प्रचार किया था। लेकिन पार्टी दोनों सीटों पर हार गई। कांग्रेस सांसद बोले- पंजाब में मिडटर्म चुनाव होंगे
गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि दिल्ली में हार के बाद AAP बिखर जाएगी। पंजाब को मिड टर्म यानी मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए। AAP के 35 MLA दूसरी पार्टी जॉइन करने के लिए तैयार बैठे हैं। दिल्ली रिजल्ट के बाद पंजाब में भी बड़े भ्रष्टाचार निकलेंगे। जो AAP ने शराब पॉलिसी के तौर पर किया है। इसी पॉलिसी से दिल्ली में भी घोटाला हुआ। इसके अलावा इसी साल धान खरीद में भी MSP घोटाला किया गया है। पंजाब BJP अध्यक्ष बोले- PM पंजाब को आपदा मुक्त बनाएं
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से 27 साल बाद दिल्ली में कमल खिला है। अब प्रधानमंत्री को पंजाब को आप-दा मुक्त बनाने की पहल करनी होगी। पंजाबियों की निगाहें अब मोदी जी पर टिकी हैं कि उनके नेतृत्व में पंजाब में व्याप्त भय का माहौल कब खत्म होगा और लोग शांति से रह सकेंगे। सुखबीर बादल बोले- पंजाब की जनता जल्दी इनसे छुटकारा पाएगी
अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा- मैं दिल्ली की जनता को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी की पोल खोल दी। यह पार्टी झूठ पर बनी है। इन्होंने दूसरे राज्यों में जाकर झूठ बोलकर वोट लेने की कोशिश की। इन्होंने पंजाब की जनता को गुमराह करके सरकार बनाई। जैसे इन्होंने दिल्ली को बर्बाद किया, वैसे ही इन्होंने पंजाब को भी बर्बाद किया। मैं पंजाब की जनता से कहना चाहता हूं कि जितनी जल्दी इनसे छुटकारा पा लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *