पंडरा स्थित इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड लॉजिस्टिक के कार्यालय से 10.96 लाख रुपए के सामान की चोरी हो गई। इस संबंध में कंपनी के हब इंचार्ज नंदलाल पाठक ने पंडरा ओपी में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया है कि कंपनी का कार्यालय इटकी रोड में टाटा मोटर्स के नजदीक है। कंपनी में लॉजिस्टिक्स का काम होता है। 9 दिसंबर को सामान का वितरण करने के बाद कर्मियों ने 1,73,137 रुपए लाकर कार्यालय में रखे थे। 10 दिसंबर की सुबह 5:15 बजे जब हब इंचार्ज ऑफिस पहुंचे तो पाया कि कार्यालय की फर्श पर मोबाइल के डिब्बे पड़े हैं। कार्यालय के बाथरूम का दरवाजा खुला था। बाथरूम के अंदर जाकर उन्होंने देखा तो पाया कि उसमें लगे वेंटिलेटर को तोड़ कर मोबाइल और कैश की किसी ने चोरी कर ली है। चोरी हुए नगद, मोबाइल व अन्य सामान की कीमत लगभग 10.96 लाख रुपए है। जब कार्यालय का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो दो अज्ञात लोग नकाब पहने हुए दिखे। दोनों नकाबपोश ने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया गया है, जिसके आधार पर खोजबीन कर रही है।


