भास्कर न्यूज | पंतोरा बलौदा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंतोरा में डाबरी तालाब के गहरीकरण कार्य का शुभारंभ बुधवार सुबह महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत किया गया। लंबे समय से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही थी, जिसके बाद अब इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत होने से ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। तालाब के गहरीकरण के साथ-साथ पिचिंग निर्माण का कार्य भी किया जाएगा। इस परियोजना के लिए कुल 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें 60:40 के अनुपात से कार्य संपादित होगा। गहरीकरण कार्य के लिए मजदूरी मद में 6,64,109 रुपए और पिचिंग निर्माण के लिए सामग्री मद में 3,33,625 रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्य प्रारंभ होने के पहले ही दिन पंचायत सचिव संतोष साहू मौके पर पहुंचे और कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो। सचिव ने कहा कि केवल वास्तविक रूप से कार्य करने वाले मजदूरों के खातों में ही भुगतान किया जाए। जो व्यक्ति कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके खातों में किसी भी स्थिति में राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा करने पर जोर दिया।


