पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

भास्कर न्यूज | चिरमिरी दीनदयाल चौक पोड़ी में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम किया गया। महापौर रामनरेश राय सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण का स्थायी मार्गदर्शक बताया। जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज और राजनीति के लिए प्रासंगिक हैं। महापौर रामनरेश राय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक महान चिंतक, अर्थशास्त्री और दूरदर्शी दार्शनिक थे। वे भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में से एक रहे और उन्होंने अपने एकात्म मानव दर्शन के माध्यम से भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र व समाज की सेवा को समर्पित रहा। दीनदयाल की विचारधारा का मूल उद्देश्य केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित समग्र विकास था। उन्होंने व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन व सामंजस्य पर बल दिया। उनके अनुसार आर्थिक नीतियों का लक्ष्य सिर्फ उत्पादन और उपभोग बढ़ाना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाना होना चाहिए। महापौर ने आगे कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही वास्तविक राष्ट्र विकास का पैमाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *