पखांजूर में मुख्यमंत्री की सभा:281 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व भूमिपजन

प्रदेश के साथ पूरे देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लिया है संकल्प: साय प्रदेश में नई सरकार के एक साल पूरे होने पर पखांजूर के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस स्टेडियम में आयोजित सुशासन कार्यक्रम में बुधवार को सीएम विष्णुदेव साय पहुंचे। यहां 243 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन व 38 करोड़ के 25 विकास कार्य का लोकार्पण किया। सभा को संबोधित करते उन्होंने दावा किया कि साल 2026 तक कांकेर जिला व छग प्रदेश के साथ-साथ पूरा देश नक्सल मुक्त हो जाएगा। इसके इलाके में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा प्रदेश के साथ-साथ देश नक्सलवाद से मुक्त हो, इसका संकल्प लिया गया है। देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी देश को नक्सलवाद से मुक्त करना चाहते हैं। इसके लिए हमारे सुरक्षा बल मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं। मार्च 2026 तक देश नक्सलवाद से मुक्त होगा। इसकी तिथि​ भी तय कर दी गई है। नियद नेल्लानार योजना के तहत गांव में विकास कार्य भी किए जा रहे हैं। गांव सड़क से जुड़ रहे हैं। नए टावर लग रहे हैं। राशन, पानी स्वास्थ्य की व्यवस्था हो रही है, जिससे नक्सल प्रभावित गांव की तस्वीर बदल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गांरटी को प्रदेश सरकार पूरी कर रही है। पूर्व की सरकार ने पांच साल में विकास कार्य बंद रखे और गरीबों को आवास तक नहीं दिया। किसानों से प्रति क्विंटल 31 सौ रुपए के दर से 21 क्विंटल धान खरीदी हो रही है। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। तेन्दूपत्ता 4 हजार मानक बोरा से बढ़ा कर 5500 रुपए कर दिया गया है। प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। पिछली सरकार के घोटाले की जांच शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा पिछली सरकार योजनाओं के नाम पर घोटाले कर रही थी, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। कई लोग इस मामले में जेल में हैं। पीएससी परीक्षा में भी पिछली सरकार ने घोटाला किया था। इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। भाजपा नेता असीम राय की प्रतिमा का किया अनावरण
कार्यक्रम में एक घंटा विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पखांजूर पहुंच वीर गेंद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पखांजूर के पुराना बाजार चौक पर भाजपा नेता असीम राय की मूर्ति का अनावरण किया। विदित हो कि 7 जनवरी 2024 को भाजपा नेता असीम राय की राजनैतिक हत्या हो गई थी। वे भाजपा नेता के साथ साथ बंग समाज के बड़े नेता भी थे। पंखाजून में खेल परिसर, लाइब्रेरी और भवन निर्माण की घोषणा भी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने पखांजूर चौक से मायापुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 8.75 करोड़ की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही पखांजूर में दो करोड़ की लागत से खेल परिसर व लाइब्रेरी की घोषणा की। सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों के अटेंडरों के रूकने के लिए 30 लाख की लागत से भवन बनाने की घोषणा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *