पचमढ़ी घूमने गए इंदौर के इंजीनियर का सिर फोड़ा:खराब खाने और सर्विस की शिकायत पर एडवेंचर कंपनी के संचालक ने किया हमला

नर्मदापुरम के हिल स्टेशन पचमढ़ी में टूर एडवेंचर कंपनी की खराब सर्विस की शिकायत करना इंदौर के एक इंजीनियर पर्यटक को भारी पड़ गया। विवाद के दौरान एडवेंचर कंपनी के मालिक ने इंजीनियर पर्यटक के सिर पर वजनी वस्तु से हमला कर दिया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा। घटना रविवार रात करीब 10 बजे न्यू होटल परिसर बेटा बावर्ची के पास हुई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कराया। घायल इंजीनियर को उसके साथी और स्थानीय लोगों की मदद से पचमढ़ी के एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद रात 11.30 बजे घायल पर्यटक अपने साथियों के साथ पचमढ़ी थाने पहुंचा। थाने पहुंचे दोनों पक्ष, एक-दूसरे पर लगाए आरोप
घटना के कुछ समय बाद आरंभ एडवेंचर कंपनी के संचालक रजत प्रताप सिंह भी थाने पहुंचे। उन्होंने तीनों पर्यटकों पर गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल टेस्ट कराया। थाना प्रभारी बोले- राजीनामे से सुलझा मामला
पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह मौर्य ने बताया कि खराब सर्विस की शिकायत और बस से इंदौर ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष इंदौर के थे। आपसी सहमति और राजीनामे के बाद दोनों पक्ष चले गए, इसलिए एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पर्यटक का आरोप- रात में छोड़कर चले गए
इंदौर निवासी इंजीनियर ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आरंभ एडवेंचर कंपनी के पैकेज पर पचमढ़ी घूमने आए थे। पैकेज में इंदौर से लाना-ले जाना, ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल थी। पीड़ित के मुताबिक, पचमढ़ी पहुंचने के बाद सर्विस खराब मिली। रात के खाने के दौरान रोटियों के लिए छीना-झपटी की स्थिति बन गई। शिकायत करने पर कंपनी के लोगों ने अपशब्द कहे और बस से इंदौर ले जाने से मना कर दिया। इसी दौरान उनके साथी पर हमला कर दिया गया और तीनों को वहीं छोड़कर बस रवाना हो गई। एडवेंचर कंपनी ऑनर का पक्ष- महिला पर्यटकों की वजह से लिया फैसला
आरंभ एडवेंचर कंपनी के संचालक रजत प्रताप सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि खाने के दौरान देरी को लेकर तीनों पर्यटक गाली-गलौज करने लगे। बस में महिला पर्यटक भी थीं। माहौल बिगड़ने की आशंका थी। इसी कारण तीनों को रिफंड देकर बस से ले जाने से मना किया गया। रजत प्रताप का कहना है कि इसके बाद तीनों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें भी चोट आई और उनका भी मेडिकल कराया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *