पटना-रांची बस में आ रहे यात्री को पिलाया नशीला जूस, 5 लाख का सामान ले भागा

नशा खुरानी गिरोह अक्सर ट्रेन में यात्रियों को अपना शिकार बनाते हैं। लेकिन अब ये गिरोह बसों में भी यात्रियों को शिकार बनाने लगे हैं। ताजा मामला डोरंडा थाना में दर्ज हुआ है। बरियातू के रहने वाले चंदन झा को नशा खुरानी गिरोह ने जूस में नशा मिलाकर पिलाया। फिर उनके पास से 5 लाख रुपए मूल्य के सामान व नगदी लेकर फरार हो गया। इस संबंध में चंदन झा ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बस वाले के विरुद्ध भी मामला दर्ज कराया गया है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि वे राम नगरी, आशियाना नगर, पटना के मूल निवासी हैं। रांची में बरियातू में रहते हैं। 13 अप्रैल को वे आरजू बस में पटना से रांची के लिए चले। वे रात 8.45 में मीठापुर पुल के पास से बस पर चढ़े। बस में उनका सीट नंबर 10 था। उनके बगल वाली सीट नंबर 9 में एक अन्य व्यक्ति बैठा था। बस चलने के दौरान उसने बातचीत करना शुरू कर दिया, फिर घुलने-मिलने की कोशिश की। रात में जूस पीने का दबाव बनाया, पीने के बाद रांची में ही आया होश चंदन झा के बगल में बैठे यात्री ने रात में उन्हें पीने के लिए जूस दिया। उन्होंने काफी मना किया कि वे नहीं लेंगे। लेकिन बहुत आग्रह के बाद उन्होंने जूस पी लिया। जूस पीने के बाद चंदन झा को कुछ याद नहीं रहा। अगली सुबह जब रांची बस पहुंची तो बस से ड्राइवर ने उनकी पत्नी को फोन कर बताया कि उनके पति बेहोशी की हालत में हैं। जब उनकी पत्नी बस ड्राइवर की जानकारी पर मेकॉन के पास पहुंची तो पाया कि सड़क किनारे वे बेहोश स्थिति में हैं। उनके शरीर पर जितने जेवरात थे, सभी गायब थे। उनका दो मोबाइल फोन और पास में 60 हजार रुपए नगद जो वे लिए हुए थे, वह भी निकाल लिया गया था। इसके बाद उनकी पत्नी ने उन्हें पहले डॉक्टर को दिखाया। फिर डोरंडा थाना में घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। चंदन झा ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उन्हें संदेह है इस घटना में गाड़ी के कंडक्टर की मिलीभगत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *