भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले में 5 नई सिंचाई प्रोजेक्ट के लिए मंजूरी मिली है। प्रोजेक्ट के लिए 42 गांव के 716 किसानों के 149.229 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। भूमि अधिग्रहण के सभी 42 प्रकरण 7 दिन के भीतर तैयार कर कलेक्टर को पेश करना है। ऐसा नहीं करने वाले पटवारियों और आरआई (राजस्व निरीक्षकों) को छुट्टी के दिन भी काम करना पड़ेगा। इसे लेकर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सख्त हिदायत दी है। भूमि अधिग्रहण के प्रकरण के धीमी निराकरण करने वाले राजस्व निरीक्षक, पटवारी व फील्ड इंजीनियर को बस्ता समेत रिकॉर्ड के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय में शनिवार व रविवार को उपस्थित रहकर काम करेंगे। ताकि कार्यों में प्रगति आ सके। इसे लेकर कलेक्टर ने भू-अर्जन अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को इसे लेकर कलेक्ट्रेट में मीटिंग हुई। इस दौरान एसडीएम आशीष अनुपम टोप्पो, आकांक्षा नायक, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन सहित सभी तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी और जल संसाधन विभाग के अफसर मौजूद रहे। पांच नई सिंचाई प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी: जिले में पांच नई सिंचाई प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं में घटोला जलाशय, जगमड़वा जलाशय, बड़ौदा खुर्द जलाशय, रामपुर बरेंडा व्यपवर्तन और हाफ नदी व्यपवर्तन शामिल है। इसे लेकर राज्य शासन से 53 करोड़ 95 लाख रुपए स्वीकृत किया है। इसमें कहां- कितने किसान होंगे प्रभावित प्रोजेक्ट के लिए 42 गांव में 149.229 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। इससे 716 किसान प्रभावित होंगे। घटोला जलाशय अंतर्गत 3 गांव के 26 किसानों से 8.472 हे. भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। जगमड़वा जलाशय अंतर्गत 15 गांव के 286 किसानों से 67.79 हे. भूमि, बड़ौदा खुर्द परियोजना में 13 गांव 205 किसानों से 44.260 हे. भूमि, रामपुर बरेंडा जलाशय में दो गांव के 56 किसानों से 5.786 हेक्टेयर भूमि और हाफ नदी व्यपवर्तन योजना में 9 गांव के 141 किसानों से 22.920 हे. भूमि का अधिग्रहण करेंगे।


