मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के दौरान सिवाहल के विधायक विश्वामित्र पाठक और एसडीएम एसपी मिश्रा के बीच कहासुनी का वीडियो वायरल हुआ है। घटना 10 जनवरी की है। विधायक पाठक गांव में आयोजित एक शिविर में भाग लेने पहुंचे थे। जहां पर ग्रामीणों ने हल्का पटवारी जगदीश पटेल के खिलाफ शिकायत की थी। इसे लेकर ही विधायक विश्वामित्र पाठक एसडीएम एसपी मिश्रा पर भड़क गए। उन्होंने कहा- एसडीएम मिश्रा के पास साहस नहीं है, कि एक पटवारी को हटा सकें। विधायक ने सैकड़ों ग्रामीणों के बीच एसडीएम को फटकारा दरअसल, सीधी के सिहावल गांव में बीते 10 जनवरी को मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत एक शिविर का आयोजन किया गया था। इसी शिविर में विधायक मिश्रा भी पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने हल्का लेखपाल जगदीश पटेल पर क्षेत्र में गैरमौजूद रहने और काम समय पर न करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि इस वजह से उन्हें बार-बार सीधी जाना पड़ता है। इसे लेकर विधायक पाठक ने जब लेखपाल पटेल से पूछताछ की, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर विधायक पाठक सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में एसडीएम मिश्रा को फटकार लगा दी। उन्होंने कहा- पटवारी को हटाने के लिए 20 बार मांग की, लेकिन एसडीएम में इतना साहस नहीं कि एक पटवारी को हटा सकें। शिकायतकर्ताओं में ठाकुरदीन कोल, गोपाल शरण द्विवेदी, राजभर द्विवेदी और पूर्व सरपंच सहित कई प्रमुख ग्रामीण शामिल थे। एसडीएम बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले पर एसडीएम एसपी मिश्रा ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने विधायक की शिकायत का संज्ञान ले लिया है और पटवारी को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। हम इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जो भी सही और सत्य जानकारी होगी उस पर कार्रवाई की जाएगी।


