राजस्थान पटवारी सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा-2025 में सफल अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना जारी की गई है। उदयपुर जिला प्रशासन ने चयनित युवाओं के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है।अभ्यर्थियों को 23 से 25 फरवरी तक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भू-अभिलेख अनुभाग, कक्ष संख्या 251 में ऑफिस समय के दौरान उपस्थित होकर अपने डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन कराना होगा। जो अभ्यर्थी इस निर्धारित समय में नहीं पहुंचेंगे, उन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल होने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को राजस्व मंडल अजमेर द्वारा उदयपुर जिला (टीएसपी और नॉन टीएसपी क्षेत्र) आवंटित किया गया है, उन्हें अब अपनी नियुक्ति के लिए अगले चरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उदयपुर जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नियुक्ति आदेश और जरूरी अनुबंध पत्र (बॉन्ड) का प्रारूप जिले की आधिकारिक वेबसाइट ‘udaipur.rajasthan.gov.in’ पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थी वहां से इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय अभ्यर्थियों को अपने साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र (मेडिकल सर्टिफिकेट) और पुलिस विभाग द्वारा जारी चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से तय किए गए फॉर्म में कॉन्ट्रैक्ट लेटर भी पेश करना होगा। सभी ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन मौके पर किया जाएगा। 24 मार्च तक ट्रेनिंग के लिए उपस्थित होना जरूरी प्रशासन का कहना है कि यदि कोई अभ्यर्थी 24 मार्च तक ट्रेनिंग के लिए उपस्थित नहीं होता है तो प्रशासन की ओर से उसके नियुक्ति आदेश निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसलिए सभी चयनित उम्मीदवार समय रहते अपनी ज्वॉइनिंग और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर लें।


