भास्कर न्यूज | अमृतसर नंगली सर्किल के पटवारी अमित बहल का तबादला मुरादपुरा सर्किल में किए जाने के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में किए गए केस की तारीख की सुनवाई शुक्रवार को हुई। मामले में पटवारी रछपाल सिंह अदालत में पेश हुए। इस केस में पटवारी अमित बहल की तरफ से उनके वकील अदालत में पेश हुए। पटवारी अमित बहल अस्पताल में उपचाराधीन है, जिसके बाद अदालत की तरफ से बुधवार यानि 14 जनवरी की तारीख दी है। उसमें पटवारी बहल पेश होंगे या नहीं यह तो समय बताएगा। बता दें कि नंगली सर्किल के पटवारी अमित बहल का 27 नवंबर 2025 को मुरादपुरा सर्किल में तबादला कर दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके पश्चात डिप्टी कमिश्नर की ओर से एसडीएम मनकंवल सिंह चाहल को नए पटवारी को चार्ज संभालने की जिम्मेवारी दी गई थी। इसके लिए एसडीएम की ओर से पटवारी को कई बार समन भेजे गए, लेकिन उसने कोई जवाब ही नहीं दिया। वीरवार को भी उन्होंने दफ्तर में रिकार्ड के साथ पेश होने के लिए कहा तो वह नहीं पहुंचे और कानूनगो के माध्यम से अपना मेडिकल सर्टिफिकेट और छुट्टी की एप्लीकेशन भेज दी। इसके बाद एसडीएम ने दफ्तर का ताला तुड़वाकर नवनियुक्त पटवारी रशपाल सिंह को चार्ज दिलवा दिया।


