केंद्रीय जेल पटियाला में ड्यूटी दे रहा एक पंजाब पूर्व सैनिक निगम (पेस्को) कर्मचारी नशे का नेटवर्क चला रहा था। नशा पहुंचाने वाला सुखदेव सिंह को चेकिंग के दौरान जेल अफसरों ने पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद इसे त्रिपड़ी पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी सुखदेव सिंह गांव मयाल कलां के खिलाफ नशा तस्करी और जेल नियमों के उल्लंघन के तहत एफआईआर रजिस्टर की। आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह की स्टेटमेंट पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर रजिस्टर हुई है। सतनाम सिंह ने कहा कि वह जेल के अंदर ड्यूटी देने वाले सभी कर्मचारी को भेज रहे थे लेकिन इन्हें जेल के अंदर भेजने से पहले गेट के अंदर ड्यूटी में चेक किया जाता है। रूटीन में ड्यूटी पर जा रहे सुखदेव सिंह के जुराबों की तलाशी ली तो शक हुआ। दोबारा चेक करने पर इसकी जुराबों से चार पैकेट रिकवर किए गए। यह चार पैकेट अलग-अलग साइज के बनाकर छिपाए हुए थे, जिन्हें रिकवर करते ही सीनियर अफसरों को बुलाया गया। सीनियर अफसरों की मौजूदगी में पैकेट खोले तो इसमें गांजा रिकवर हुआ। आरोपी यह गांजा जेल के अंदर बेचने के लिए लेकर जा रहा था।