पंजाब के पटियाला में पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के दो गुर्गों को हथियारों समेत काबू किया है। आरोपी मोहाली और राजपुरा में टारगेट किलिंग की प्लानिंग में जुटे हुए थे। यह कार्रवाई पटियाला पुलिस की ओर से की गई है। आरोपियों से पुलिस ने 5 पिस्तौल व 15 कारतूस बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट डालकर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद है। आरोपी कई केसों में हैं शामिल पुलिस के मुताबिक, आरोपी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनके पकडे़ जाने से मोहाली और राजपुरा में टारगेट किलिंग से संबंधित दो पिछले मामलों का भी समाधान हुआ है। दोनों आरोपियों का आपराधिक गतिविधियों का इतिहास रहा है। उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके बारे में जानकारी अन्य राज्यों को भेजी है। ताकि इन पर अन्य केसों के बारे में पता चल सके। कल पकड़े गए थे लांडा गैंग के मेंबर पुलिस लगातार गैगस्टरों पर कार्रवाई कर रही है। कल पुलिस ने अमृतसर के भिखीविंड से आतंकी लखबीर सिंह लांडा के गुर्गे को हथियारों समेत दबोचा था। वह भी काफी समय से इलाके में एक्टिव था। साथ ही बड़ी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में जुटा हुआ था।


