पटियाला के जुल्कां थाना इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां अपनी मां से झगड़ा कर रहे एक व्यक्ति ने मौके पर पहुंचे पुलिस चौकी इंचार्ज को पहली मंजिल से धक्का दे दिया। इस घटना में चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि युवक पैसों को लेकर मां और परिवार वालों से विवाद कर रहा था। वह मारपीट करने लगा तो मां ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रोहड़ जागीर चौकी इंचार्ज सुखदेव टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने मारपीट कर रहे युवक को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनको धक्का दे दिया। इससे वह घायल हो गए। चौकी इंचार्ज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर चौकी इंचार्ज की हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 1 मार्च को भी शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन वह पुलिस चौकी में पेश नहीं हुआ था। होली के दिन फिर से हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने चौकी इंचार्ज सुखदेव सिंह को पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया।


