बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बुधवार को केंद्रीय बजट 2026 को सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बताया। उन्होंने यह बात जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट किसान, गरीब, महिला और युवा वर्ग पर केंद्रित है, जो विकसित भारत की दिशा में एक ठोस कदम है। मंत्री पटेल ने बजट की प्रमुख उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि युवाओं के लिए 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित होंगी। इन लैब में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक्स जैसे क्षेत्रों में 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। महिलाओं के लिए प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने का प्रावधान किया गया है। इससे उन्हें उच्च शिक्षा, कौशल विकास और शोध के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अतिरिक्त, ‘शी मार्ट’ के माध्यम से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। पटेल ने कहा कि सरकार की पहचान ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ रही है। उन्होंने जोर दिया कि भारत ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इस यात्रा का सबसे मजबूत इंजन नारी शक्ति है। उन्होंने बताया कि बजट में महिला सशक्तिकरण का रोडमैप सामाजिक न्याय से आगे बढ़कर महिलाओं को आर्थिक भागीदारी, तकनीकी नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत स्थिति प्रदान करने वाला है। युवाओं के लिए एमएसएमई ग्रोथ फंड में 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही, शिक्षा से रोजगार एवं उद्यम स्थायी समिति का गठन होगा और स्किल इंडिया, एआई, रोबोटिक्स, ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में, कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क समाप्त कर दिया गया है। आयुष केंद्रों के लिए भी 10,000 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया गया है। महिलाओं के लिए 1.5 लाख देखभाल सेवा प्रदाताओं की भर्ती की जाएगी। ‘लखपति दीदी’ योजना को प्रोत्साहन मिलेगा और क्रेडिट लिंक्ड आजीविका के माध्यम से उद्यम स्वामित्व तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। कृषि क्षेत्र को सहकारी संस्थाओं के माध्यम से पशुचारा और बिनौले पर कर कटौती का लाभ मिलेगा। अंत में, श्री पटेल ने बजट को केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विजन पत्र बताया। इस पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, कमलेश सिंह, कृष्णा गायकी और मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


