पड़ोसियों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या

भास्कर न्यूज | अमृतसर पड़ोसियों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल ले जाने के वक्त महिला ने अपने पति को सुसाइड नोट भी दिया। इस मामले में थाना राजासांसी पुलिस ने पति की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह निवासी मुगलानी कोट ने बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है और उसके 2 बच्चे हैं। उसकी पत्नी गुरजीत कौर 35 थी। आरोप है कि उनके पड़ोसी दिलबाग सिंह उर्फ बंटी, मनप्रीत कौर, जैसमीन कौर, पंजाब सिंह, संदीप कौर, दलजीत कौर और गुरपाल सिंह अक्सर उसे और उसकी पत्नी को परेशान करते रहते थे। पीड़ित ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह करीब 7.15 बजे आरोपी उनके घर आए, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकियां दीं। इससे उसकी पत्नी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। वह उसे समझाकर काम पर चला गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसे फोन पर सूचना मिली कि उसकी पत्नी ने आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया है। घर पहुंचने पर वह जमीन पर गिरी मिली। अस्पताल ले जाते समय पत्नी ने उसे एक सुसाइड नोट दिया। सुसाइड नोट में गुरजीत कौर ने लिखा कि पड़ोसियों ने उसका जीना मुश्किल कर दिया था। कुछ दिन पहले पड़ोसियों की बेटी किसी युवक के साथ चली गई थी और उसका आरोप उस पर लगा दिया गया। इसके बाद उसे ताने, गालियां और अपमान सहना पड़ा। नोट में उसने अपनी मौत के लिए बंटी और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *