भास्कर न्यूज | अंबिकापुर तहसील लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मांजा राजाकटेल में विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समाज की पुस्तैनी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से अपनी पारंपरिक भूमि पर निवास करते आ रहे हैं और उनकी आजीविका, संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था जल, जंगल और जमीन से जुड़ी हुई है। यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची में शामिल है, जहां आदिवासी भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष संवैधानिक और कानूनी प्रावधान लागू है। ज्ञापन में बताया है कि बीते कुछ वर्षों से बाहरी क्षेत्रों से आए कुछ व्यक्ति बिना वैधानिक अधिकार के पण्डो समाज की भूमि पर मकान निर्माण कर अवैध कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर ग्रामीणों को डराने-धमकाने और मारपीट की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। अशिक्षा और आर्थिक कमजोरी के कारण ग्रामीण अपने अधिकारों की प्रभावी रक्षा नहीं कर पा रहे हैं, जिसका लाभ उठाकर लगातार शोषण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध कब्जों के कारण उनकी कृषि भूमि लगातार कम हो रही है, जिससे आजीविका प्रभावित हो रही है। साथ ही पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, संस्कृति और गांव की जनसंख्या संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे भविष्य में उनके अस्तित्व और अधिकारों पर संकट उत्पन्न होने की आशंका है। पण्डो समाज ने मांग की है कि ग्राम की भूमि का राजस्व जांच और सर्वे कराकर सभी अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाएं।


