धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र के अंडूअन का पूरा गांव में एक महिला ने पति के वियोग में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 3 दिन पहले महिला के पति की गड्ढे में गिरकर मौत हुई थी। इसके बाद से ही महिला मानसिक तनाव में चल रही थी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने उसके शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। घटना को लेकर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि फंदे पर महिला के लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस मृतक महिला के शव को फंदे से उतार कर अस्पताल लेकर आ गई। जहां बसई नवाब अस्पताल की मॉर्च्युरी में महिला के शव को रखवाकर पीहर पक्ष को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचे मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि मृतक महिला बबली (23) के पति रामराज की 4 अप्रैल को पानी के गड्ढे में डूब कर मौत हो गई थी। जिसके बाद से ही महिला मानसिक तनाव में चल रही थी। महिला के दो छोटी-छोटी बच्चियों भी हैं। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के बाद पुलिस ने मृतक महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। पोस्टमॉर्टम करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द करते हुए आत्महत्या के कारण की जांच शुरू कर दी है।


