अजयगढ़ तहसील के धरमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचमपुर से एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की हत्या का आरोप स्थानीय लोगों पर लगाया है। महिला ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदिका गेंदा रानी कोरी ने मंगलवार, 10 फरवरी को पन्ना पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने पत्र में न्याय की गुहार लगाते हुए स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गेंदा रानी के अनुसार, घटना 21 जनवरी 2026 की रात को शुरू हुई, जब कुछ आरोपियों ने उनके घर में अकेला पाकर उनके साथ अभद्रता की थी। जब महिला ने इसकी शिकायत अपने पति और पुत्र से की, तो सामाजिक स्तर पर समझौते की बात हुई। आरोप है कि अगले दिन, 22 जनवरी की सुबह, फूल चंद्र यादव उर्फ बददा, रामजस लोध, कौशल किशोर लोध, नत्थू कोरी और महेश लोध आवेदिका के पति मलखान कोरी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। महिला का आरोप है कि वहां उन्हें अत्यधिक शराब पिलाई गई और योजनाबद्ध तरीके से उनकी हत्या कर दी गई। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने स्वयं फोन कर पति को ले जाने की बात कही। जब वे मौके पर पहुँचे, तो मलखान की मृत्यु हो चुकी थी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के समय आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आवेदिका ने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि जब वह थाने जाती है, तो उसे वहां से भगा दिया जाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। महिला ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।


