छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के मदनपुर में घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी आपस में भिड़ गए। विवाद के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगाने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में CHC वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया है। पति-पत्नी दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी मो. शमशाद (40) का पत्नी जुलेखा बेगम (36) से गुरुवार शाम विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों घर से बाहर निकलकर सड़क पर लड़ने लगे। इस दौरान घर में जरकिन में रखे पेट्रोल निकालकर दोनों ने एक-दूसरे पर डाल दिया। मो. शमशाद ने जैसे ही माचिस जलाई, दोनों आग की लपटों की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसे पति-पत्नी, पति गंभीर दोनों को आग की लपटों में घिरा देख आसपास के लोगों और परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई। हादसे में मो. शमशाद करीब 80 फीसदी से अधिक झुलस गया है। पत्नी जुलेखा बेगम भी करीब 60 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गई है। CHC वाड्रफनगर में दोनों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि मो. शमशाद के शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलस गया है, जिसके चलते उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं जुलेखा बेगम भी काफी झुलस गई है। दोनों को अंबिकापुर उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डागेश्वर सिंह ने बताया कि फोन से घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम को सीएचसी वाड्रफनगर भेजा गया है। मो. शमशाद ड्राइवर का काम करता है। दोनों के बीच विवाद क्यों हुआ? इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले में परिजनों से पूछताछ की जाएगी। ………………………………………… छत्तीसगढ़ की ये खबर भी पढ़ें… बलौदाबाजार में महिला को जेठ-देवर ने जिंदा जलाया: घर में घुसकर लगाई आग, 5 साल की मासूम ने भी तोड़ा दम; आजीवन कारावास की सजा बलौदाबाजार जिले के भाटापारा के अपर सत्र न्यायालय ने मर्डर केस में आरोपी जेठ और देवर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ एक हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है। जज सतीश कुमार जायसवाल ने यह फैसला सुनाया है। पढ़ें पूरी खबर