पत्नी की दूसरी शादी की तो सास को गोली मारी:पेट में फंसी बुलेट, उदयपुर रेफर; दामाद ने साले को किडनैप भी किया था

दामाद जेल गया तो सास ने बेटी की दूसरी जगह शादी कर दी। जेल से छूटकर आए दामाद का गुस्सा फूट पड़ा। उसने घर में घुसकर सास को गोली मार दी। घायल महिला को हॉस्पिटल लाया गया। गोली पेट में फंसी है। इलाज जारी है। आरोपी दामाद वारदात के बाद फरार हो गया। मामला बांसवाड़ा के राजतालाब थाना इलाके के अगरपुरा गांव का है। घटना शनिवार रात 8.30 बजे हुई। बांसवाड़ा डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया- अगरपुर गांव निवासी महिला नंदा (60) पत्नी कैलाश शनिवार रात 9 बजे घर के बाहर दहलीज पर बैठी थी। रात करीब 8:20 बजे उसका दामाद अगरपुर गांव निवासी अजय भोई पुत्र रामू भोई बाइक पर आया। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। बाइक से उतरकर अजय ने नंदा को गोली मार दी। गोली नंदा के पेट में लगी। मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। 100 मीटर दूर जाकर अजय ने बाइक वहीं छोड़ दी और दोनों पैदल भाग गए। नंदा के पड़ोसियों ने वारदात की सूचना राजतालाब थाना पुलिस को दी। रात 9.15 बजे राजतालाब थाना इंचार्ज दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और नंदा को बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल भिजवाया। एमजी हॉस्पिटल के डॉक्टर ने बताया- बुलेट 20 एमएम के आसपास की है। यह पेट के अंदर मांस में फंसी हुई है। इसे एक जटिल ऑपरेशन की प्रक्रिया के बाद ही निकाला जा सकता है। फिलहाल महिला के सीटी स्कैन व अन्य जांच कराने के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया है। राजतालाब थाना इंचार्ज दिलीप सिंह ने बताया- रविवार सुबह तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस आरोपी अजय भोई की तलाश कर रही है। पीड़ित और आरोपी के घर पुलिस तैनात कर दी गई है। दामाद जेल गया तो बेटी की दूसरी शादी की जानकारी के अनुसार- नंदा की बेटी ने अजय से लव मैरिज की थी। इसके बाद अजय एक मामले में जेल चला गया। इस दौरान नंदा ने बेटी की शादी दूसरी जगह कर दी। इसके बाद से नंदा और अजय में विवाद चल रहा था। हत्या के मामले में जेल गया था, दो में जांच पेंडिंग पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजय बांसवाड़ा के ऋषि कुंज में हुए हत्याकांड में जेल जा चुका है। उस पर जानलेवा हमले, मारपीट व अन्य मामले दर्ज हैं। पत्नी का विवाह दूसरी जगह करने से नाराज अजय ने अपने साले का अपहरण भी कर लिया था। साले के अपहरण और एक अन्य मामले में अभी पुलिस की जांच पेंडिंग है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *