कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में ग्रह कलेश के चलते एक व्यक्ति द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई, जब मृतक की पत्नी अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से पति ने सुसाइड कर लिया । मृतक की पहचान महावीर सिंह राजावत के रूप में हुई है, जो कोटा के नयापुरा की बृजराज कॉलोनी में रहता था। नयापुरा थाने के एएसआई नारायण लाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को महावीर सिंह काम से घर लौटा था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद का मुख्य कारण महावीर की शराब पीने की आदत बताया जा रहा है, जिसको लेकर घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इसी विवाद से परेशान होकर पत्नी शिकायत दर्ज कराने थाने गई थी। मृतक के मौसा महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घरेलू तनाव लंबे समय से चल रहा था और शराब को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा था। महावीर एक मोबाइल ऑपरेटिंग कंपनी के टावरों से संबंधित तकनीकी कार्य करता था और कोटा ऑफिस से जुड़ा हुआ था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां है। घटना की सूचना मिलते ही नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


