शहर में एक महिला के साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट देकर आरोपी व उसकी सहयोगी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की है। पाली शहर के औद्योगिक थाने में दी रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2025 में वह एक व्यक्ति के यहां अकाउंट व कागजी कार्यवाही के लिए नौकरी पर लगी थी।
जून में किया रेप, अश्लील-फोटो वीडियो बनाएं
आरोप है कि मई 2025 तक उसका व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन जून 2025 के प्रथम सप्ताह में आरोपी ने उसे ऑफिस बुलाकर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया।
पत्नी के बाहर जाने पर करता था रेप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के घर से बाहर रहने पर उसे बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। एक फार्म हाउस पर भी ले जाता था, जहां उसकी सहयोगी महिला पहरा देती और आरोपी दुष्कर्म करता। डर और बदनामी के कारण पीड़िता लंबे समय तक शिकायत नहीं कर सकी।
फरवरी 2026 से ऑफिस जाना किया बंद
रिपोर्ट में बताया कि बार-बार हो रही ज्यादती के चलते उसने 23 फरवरी 2026 से ऑफिस जाना बंद कर दिया, इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन व व्हाट्सएप संदेश भेजकर दबाव बनाता रहा। 26 फरवरी 2026 को आरोपी जबरन उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर पीड़िता की मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में आरोपी की आवाजाही रिकॉर्ड है। उसने मेडिकल जांच कराने की मांग करते हुए आरोपी व उसकी सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की।


