पत्नी-5 महीने के बेटे की धारदार हथियार से हत्या:पति को खून से सने कपड़ों में देखकर हेड कॉन्स्टेबल ने पकड़ा; 17 KM पैदल चला

हनुमानगढ़ में युवक ने पत्नी और 5 महीने के बेटे की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक खून से सने कपड़ों में पैदल-पैदल 17 किलोमीटर दूर तक चला गया। वहां हेड कॉन्स्टेबल ने उसे देखा तो पकड़ लिया और पूछताछ की तो मर्डर की बात सामने आई। मामला भादरा के वार्ड 7 हाथियावाला बास की सुबह साढ़े 5 बजे की है। थानाधिकारी भूप सिंह सहारण ने बताया कि गोगामेड़ी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल प्रवीन कुमार से सूचना मिली कि प्रेम नाम का युवक गोगामेड़ी में खून से सने कपड़ों में घूम रहा था। पूछताछ करने पर उसने अपनी पत्नी और बेटे की हत्या करने की बात कबूल की। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में जगह का पता चला तो मौके पर पहुंचे। वहां मां-बेटे के शव पड़े थे। डीएसपी भादरा संजीव कटेवा भी घटनास्थल पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। दो दिन पहले भी हुआ था पति-पत्नी में झगड़ा
थानाधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दो दिन पहले प्रेम कुमार का पत्नी राधिका से झगड़ा हुआ था। झगड़ा बढ़ता देख मकान मालिक ने दोनों से समझाइश भी की थी। जिसके बाद एक बार मामला शांत हो गया था। आज सुबह करीब साढ़े 5 बजे प्रेम कुमार ने अपनी पत्नी राधिका और 5 माह के बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। लव मैरिज की थी
थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हत्या करने वाला प्रेम कुमार भिरानी का रहने वाला है और उसकी पत्नी राधिका आदमपुर हरियाणा की रहने वाली है। रिश्ते में दोनों मौसेरे बहन-भाई थे, लेकिन बाद में प्रेम विवाह कर लिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *