पन्ना में होली के उत्साह के बीच लापरवाही भी देखने को मिली। बुधवार को शराब के नशे में वाहन चलाने और असावधानी के कारण करीब 12 से अधिक लोग घायल होकर जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकतर मामले सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े रहे। जिला अस्पताल के ड्रेसिंग रूम से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक लगभग 12 लोग इलाज के लिए पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अधिकांश युवक शराब के नशे में बाइक चला रहे थे। तेज रफ्तार और नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वे सड़कों पर गिर गए और चोटिल हो गए। छत से गिरा युवक, दो नाले में गिरे सड़क हादसों के अलावा अन्य घटनाएं भी सामने आईं। शराब के अधिक सेवन के कारण एक युवक छत से गिरकर घायल हो गया। वहीं दो अन्य युवक नशे की हालत में अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोट नहीं, डॉक्टरों ने दिया प्राथमिक इलाज राहत की बात यह रही कि किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई। डॉक्टरों ने सभी का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया और बाद में घर भेज दिया। हालांकि त्योहार के दिन शराब पीकर वाहन चलाने की लापरवाही ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


