हाड़ौती संभाग की महत्वपूर्ण परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना का भूमि पूजन 7 मार्च को किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इसी दिन सीएम शर्मा कोटा के शंभूपुरा में बनने वाले ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का भी शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। शंभूपुरा स्थित प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट स्थल पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ-साथ नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना का भी भूमि पूजन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री समेत कई नेता रहेंगे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री व कोटा जिले के प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक तथा ऊर्जा मंत्री व बूंदी जिले के प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। 1402 गांवों और 276 ढाणियों को मिलेगा पेयजल
जलजीवन मिशन के तहत तैयार की जा रही परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना से बारां, कोटा और झालावाड़ जिले के 1402 गांवों और 276 ढाणियों के 1 लाख 52 हजार 437 परिवारों को ‘हर घर जल’ उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए 3523.16 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। 5 चरणों में बांटा गया काम
परियोजना का निर्माण कार्य पांच कार्यकारी पैकेजों में बांटा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद बारां समेत हाड़ौती संभाग के तीनों जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।


