नीमच जिले के नयागांव बॉर्डर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ट्रक राजस्थान की ओर से मध्य प्रदेश में जैसे ही प्रवेश करता है, नयागांव बॉर्डर से ही एक होमगार्ड सैनिक बाइक लेकर ट्रक का पीछा करता है। थोड़ी दूरी पर वह ट्रक के आगे बाइक लगा देता है। ट्रक रुकते ही सैनिक उससे एंट्री के नाम पर पैसे मांगता है। बताया जाता है ट्रक चालक से सैनिक ने 400 रुपए लिए और रवाना हो गया। होमगार्ड सैनिक का नाम भंवर सिंह बताया गया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो ट्रक में मौजूद चालक के साथी ने मोबाइल से बना लिया। मामले में एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि वीडियो में होमगार्ड सैनिक ट्रक वाले से राशि लेता दिखाई दिया है। होमगार्ड सैनिक को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है।


