डूंगरपुर में परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता माह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रविवार को शहर के अस्पताल चौराहा और बायपास रोड पर वाहनों के रिफ्लेक्टर लगाए गए। विभाग ने 4 दिनों में 582 चालान बनाकर 18 लाख 89 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह अभियान के तहत परिवहन और पुलिस की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। रविवार को प्रभारी यातायात शाखा भुपेंद्र सिंह, रमेशचन्द्र, कचरूलाल, मुकेश कुमार, गजराज सिंह के साथ परिवहन विभाग नागेंद्र रवामत, प्रवीण कलाल, हिमांशुराज सिंह, मयंक गमेती, कर्मचन्द बामणिया, शैलेन्द्र सिंह ने वाहन ड्राइवरों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने, ओवरलोड वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ओवर स्पीड वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया। वहीं ड्राइवरों को सड़क सुरक्षा का महत्व बताया। यातायात शाखा प्रभारी और परिवहन विभाग की टीम ने बायपास रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए। साथ ही ओवरलोड वाहन नहीं चलाने, वाहनों में सरिया आदि का भराव ट्रैक्टर-ट्रॉली के बाहर की और नहीं निकालने, सरियों पर रिफ्लेक्टर टेप या लाल कपड़ा लगाकर चलने की हिदायत दी। कार्यवाहक परिवहन अधिकारी रविन्द्र भाटी ने बताया कि जागरूकता अभियान के साथ ही नियमों की पूरी तरह से अवहेलना करने पर सख्ती बरती जा रही है। चार दिन से चल रहे अभियान में 582 चालान काटे गए हैं। जिससे 18 लाख 89 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है।


