परिवहन विभाग ने घर में खड़ी बस को उठाया:नोटिस देने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करवा रहा था मालिक, 3 वाहन जब्त

जिला परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स वसूली को लेकर जिले में अभियान चलाया। सोमवार को नवलगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग की टीम ने टैक्स चोरी के आरोप में 2 निजी बसों और एक हाइड्रा क्रेन को जब्त किया है। खास बात यह रही कि विभाग ने एक बस को तो वाहन मालिक के घर के अंदर दबिश देकर जब्त किया। बस के मालिक को नोटिस देने के बावजूद भी वह टैक्स जमा नहीं कर रहा था। इन तीनों वाहनों पर करीब 6.50 लाख रुपए का टैक्स बकाया चल रहा था। घर के अंदर दबिश परिवहन निरीक्षक रमेश कुमार यादव और कन्हैयालाल यादव की टीम ने नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम जब एक वाहन मालिक के घर पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। परिवहन निरीक्षक रमेश कुमार यादव ने बताया कि मोटर वाहन कराधन अधिनियम 1951 की धारा 18 परिवहन निरीक्षकों को यह विशेष शक्ति देती है कि यदि उन्हें संदेह हो कि किसी परिसर में टैक्स चोरी का वाहन खड़ा है, तो वे ‘सूर्योदय से सूर्यास्त’ के बीच किसी भी परिसीमा (प्रिमाइसेस) में प्रवेश कर वाहन जब्त कर सकते हैं। इसी अधिकार का प्रयोग करते हुए टीम ने घर से बस को बाहर निकाला। गोठड़ा थाने में खड़ी करवाई क्रेन और बस नवलगढ़ में घर से जब्त की गई बस के अलावा, टीम ने एक अन्य निजी बस और एक हाइड्रा क्रेन को भी पकड़ा। इन वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से गोठड़ा थाने में खड़ा करवाया गया है। विभाग के अनुसार, इन तीनों वाहनों के मालिकों को कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन टैक्स जमा नहीं करवाने पर यह सख्त कदम उठाना पड़ा। अब तक 10 बसें सीज DTO मोनू मीना के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान कमर्शियल वाहन मालिकों के लिए आफत बन गया है। अब तक कुल 10 बसें जब्त की जा चुकी हैं। आज जब्त 3 वाहनों पर ही 6.50 लाख का टैक्स बकाया है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के चलते बकाया राजस्व वसूली के लिए अभियान में और तेजी लाई जाएगी। DTO मोनू मीना ने चेतावनी दी है कि टैक्स चोरी करने वाले और समय पर बकाया जमा नहीं कराने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *