गवर्नमेंट जॉब को ही करियर का एकमात्र रास्ता मानने वाले समाज और पारिवारिक दबावों के बीच अपने सपनों को चुनना आसान नहीं होता। मिस इंडिया ग्लैम-2026 की विनर्स ने यह साबित किया कि अगर इरादे मजबूत हों तो रास्ते खुद बनते हैं। सीकर की तमन्ना राव, इंटरनेशनल टाइटल जीतने वाली तमन्ना सरनानी और सुमेरपुर की नंदिनी परिहार तीनों की जर्नी संघर्ष, हिम्मत और आत्मविश्वास से भरी रही है। किसी ने परिवार की पारंपरिक सोच को चुनौती दी। वहीं किसी ने सामाजिक बंधनों और निजी दुखों के बावजूद आगे बढ़ने का साहस दिखाया। मानसरोवर स्थित होटल प्राइम सफारी में अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 का प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। मिस इंडिया ग्लैम पेजेंट जीतने के साथ इन तीनों विनर्स को इनाम में कार मिली। जो न सिर्फ उनकी सफलता का प्रतीक है, बल्कि उस संघर्ष की मंजिल भी है। इसे तय कर उन्होंने खुद को साबित किया। वहीं अन्य विनर्स को 5 स्कूटी और 22 प्रतिभागियों को 11000-11000 रुपए दिए गए। पेरेंट्स सरकारी नौकरी करवाना चाहते थे, मैंने मॉडलिंग चुनी: तमन्ना राव मिस इंडिया ग्लैम का टाइटल जीतने वाली तमन्ना राव ने बताया- मैं सीकर से हूं। मैं ऐसी फैमिली से ताल्लुक रखती हूं, जहां सिर्फ गवर्नमेंट जॉब की बात होती है। मेरे घरवाले भी यही चाहते थे कि मैं गवर्नमेंट जॉब को चुनूं। पेरेंट्स का कहना था कि मुझे जो पसंद है, वह उसे सपोर्ट करेंगे, लेकिन पहली पसंद सरकारी नौकरी थी। तमन्ना राव ने बताया- मैंने कुछ अलग करने की ठानी। मॉडलिंग का प्लेटफॉर्म चुना और जीत मिली। मेरी फैमिली इससे बेहद खुश है। इस जीत के साथ मुझे एक कार भी इनाम के रूप में मिली है। मैंने इस तरह का कहीं नहीं देखा है कि विजेता को कार मिलती है। तमन्ना ने बताया- मुझे मॉडलिंग में ज्यादा कुछ नहीं आता था। 15 दिन की ग्रूमिंग क्लास में मुझे ट्रेंड किया गया। अनंता रिसॉर्ट में इंटरनेशनल एक्सपर्ट ने ट्रेनिंग दी। अब हम ऐसे प्लेटफॉर्म पर हैं, जहां हम अच्छा पैसा कमा सकते हैं। अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। तमन्ना ने कहा कि मैं जीती हुई कार में पहली राइड मम्मी-पापा के साथ करूंगी। मार्शल आर्ट ब्लैक बेल्ट चैम्पियन से ब्यूटी पेजेंट विनर: तमन्ना सरनानी मिस इंडिया ग्लैम इंटरनेशनल तमन्ना सरनानी ने बताया- मैं मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट चैम्पियन हूं। मैंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए मॉडलिंग को चुना। मिस इंडिया ग्लैम के बारे में सुना हुआ था। इसकी टैग लाइन ही सपने पूरा करने को लेकर है, इसलिए मैं इससे जुड़ गई। मेरी जर्नी बेहद अलग और खास रही है। उन्होंने कहा- मेरी फैमिली ने शुरुआत में काफी रोक-टोक लगाई। फैमिली ने कहा था कि तुम होनहार खिलाड़ी हो और मॉडलिंग में जाना सही नहीं है। मिस इंडिया ग्लैम के पवन टांक ने मॉटिवेट किया। यहां 15 दिन की वर्कशॉप में मुझे ट्रेनिंग मिली। रोज एक मेंटोर आते और हमारे हर पक्ष को मजबूत बनाते थे। दो महीने पहले मैं खुद को अलग तरीके से देखती थी और आज मैं खुद को क्वीन की तरह देखती हूं। मॉडलिंग में मेरी दो इंस्पिरेशन रही हैं, ऐश्वर्या राय और मानुसी छिल्लर। दोनों मिस वर्ल्ड रही हैं। उन्हें देखकर ही मुझे मॉडलिंग की तरफ जाने का मन हुआ। यहां मैंने कार जीती है। मेरा अभी लाइसेंस नहीं बना है, लेकिन जब भी बनेगा, मैं सबसे पहले अपने पिता को लेकर जाऊंगी। उन्होंने हमेशा सपोर्ट किया है, चाहे घर में कोई भी मेरे खिलाफ गया हो, पिता साथ खड़े रहे हैं। परिवार रुकावट बना, लेकिन मैंने जर्नी खुद बनाई: नंदिनी परिहार मिस इंडिया ग्लैम आइकन की विनर नंदिनी परिहार ने बताया- मैं सुमेरपुर पाली से ताल्लुक रखती हूं। मिस इंडिया आइकन विनर हूं। यह प्लेटफॉर्म जब मेरे पास आया तो मेरे लिए चमत्कार जैसा था। मैं बेहद खुश हुई थी। मेरी खुशी का ठिकाना उस दिन बढ़ गया, जब मैंने टाइटल जीता। नंदिनी परिहार ने बताया- मेरी जर्नी बेहद मुश्किल में रही है। मेरे पिता नहीं हैं। ऐसे में मेरे लिए बहुत सारी बाउंडेशन थी। घर वाले कहते थे कि यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते। समाज के दायरे में रहने के लिए कहा जाता था। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल था। मुझे उस वक्त लग रहा था कि मिस इंडिया ग्लैम में आऊंगी तो ज्यादा परेशानी होगी। फिर मैंने मन में ठान लिया, करना है तो करना है। ट्रेनिंग सेशन में बिलकुल रॉ थी और अब विनर बनने के बाद मास्टर वाली फीलिंग आ रही है। नंदिनी ने बताया- मैं पहली बार लोकल ट्रेन का टिकट लेकर जयपुर आई थी। अब यहां जीतने के बाद मेरे पास कार है। अब लाइफ बिलकुल बदल गई है। इस कार को घर लेकर जाऊंगी, सबसे पहले मेरी मम्मी को बैठाऊंगी। वे मुझे मॉडलिंग में आने से रोक रही थी और अब वे सबसे ज्यादा खुश हैं और प्राउड फील कर रही हैं। मेरी छोटी बहन ने मुझे सपोर्ट किया और मॉटिवेट किया। पांच प्रतिभागियों को स्कूटी और 22 को मिले 11-11 हजार रुपए मानसरोवर स्थित होटल प्राइम सफारी में अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 का प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 3 कार, 5 स्कूटी और 22 प्रतिभागियों को 11000-11000 रुपए दिए गए। आयोजक पवन टांक एवं शो डायरेक्टर कीर्ति टांक ने बताया- प्रतियोगिता के दौरान विजेताओं, रनरअप्स एवं विभिन्न सब-टाइटल धारकों को पुरस्कार देने की घोषणा की थी। इस दौरान बतौर गेस्ट डॉ. एचसी गणेशिया, पवन गोयल, राघव गोयल, जेडी माहेश्वरी, शिव सिंह शेखावत, सोहित टेलर, अनुराग रूनवाल, प्रशांत पोद्दार उपस्थित रहे।
स्कूटी प्राप्त करने वाली विजेता प्रतिभागी अक्षरा सिंह – मिस इंडिया ग्लैम जयपुर 2026 खुशी बड़ाया – मिस इंडिया ग्लैम राजस्थान 2026 हर्षिता वर्मा – मिस इंडिया ग्लैम एमराल्ड 2026 पल्लवी रावत – मिस इंडिया ग्लैम डायमंड 2026 मुस्कान – मिस इंडिया ग्लैम टीन 2026


