परीक्षार्थियों को सभी विषयों के निर्धारित ब्लूप्रिंट के आधार पर तैयारी करनी चाहिए: डीईओ लहरे

भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में सोमवार से कक्षा नवमीं और ग्यारहवीं की प्रायोगिक परीक्षाओं का आगाज़ हो गया। एक ओर जहां कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय परीक्षाओं की तैयारी भी परवान चढ़ रही है। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, पूरे वर्ष आपने जो कठिन परिश्रम किया है, अब उसे परिणाम में बदलने और स्व-मूल्यांकन का समय आ गया है। उन्होंने बेहतर अंकों के लिए तकनीकी सलाह देते हुए कहा कि परीक्षार्थियों को सभी विषयों के निर्धारित ब्लूप्रिंट के आधार पर तैयारी करनी चाहिए और प्रत्येक विषय की महत्ता को समझते हुए समय का उचित प्रबंधन करना चाहिए। विद्यालय में वर्तमान में प्रायोजना और प्रायोगिक परीक्षाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं, ताकि आगामी वार्षिक परीक्षाओं से पूर्व छात्र पूरी तरह तैयार हो सकें। संचालन व्याख्याता तोषण गिरि गोस्वामी द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य जी.आर. सिन्हा ने किया। इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक विमल मन्नाडे, देवेन्द्र कुमार शर्मा, संजय मांझी, खोमन चंद्राकर, बेला मारू सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *