परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि उत्सव की तरह लें: प्राचार्य

भास्कर न्यूज | बोड़ला वनांचल क्षेत्र ग्राम बैरख स्थित शासकीय हाई स्कूल का सभागार मंगलवार को भावनाओं, आशीर्वाद और उत्साह से सराबोर नजर आया। कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने कक्षा दसवीं के छात्रों को विदाई दी। कार्यक्रम केवल औपचारिक विदाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा की झलक भी दिखाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से अपने सीनियर्स के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि स्कूल में बिताए गए वर्षों ने उन्हें न केवल शैक्षणिक ज्ञान दिया, बल्कि जीवन के मूल्यों और अनुशासन का पाठ भी सिखाया। कई छात्र-छात्राएं भावुक हो गए, जब उन्होंने अपने शिक्षकों और साथियों के साथ बिताए पलों को याद किया। कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को स्मृति स्वरूप कंपास और पेन भेंट किए। पदोन्नत प्रधानपाठक मंजू को दी विदाई: कार्यक्रम का एक विशेष क्षण तब आया, जब मंजू नागवंशी को प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नत होने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। स्कूल परिवार ने उनके योगदान की सराहना की। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य सरला मसराम, सरपंच सुधारी मसराम, व्याख्याता संजय कुमार जायसवाल, प्रेमलता ठाकुर, प्रधानपाठक आरती झारिया, प्रधानपाठक सुरतिया राम साहू, चमेश रावटे, केशव प्रसाद भारद्वाज, चैन सिंह धुर्वे सहित सभी स्टाफ उपस्थित रहे। संस्था के प्राचार्य सोहन कुमार यादव ने कक्षा दसवीं के छात्रों को सक्सेस टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को किसी बोझ की तरह नहीं, बल्कि एक उत्सव की तरह लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने कहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *