शहर में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) ने वार्षिक सत्र के साथ टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया। ‘अमृतसर टूरिज्म 2.0- नेक्स्ट लेवल’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योग जगत, होटल व्यवसाय, विमानन क्षेत्र, प्रशासन और नागरिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सीआईआई पंजाब राज्य के चेयरमैन हरप्रीत सिंह निब्बर ने साल 2026-27 के लिए कपिल मेहरा को अमृतसर का नया चेयरमैन तथा परनीत बब्बर को सह-चेयरपर्सन नियुक्त किया। कॉन्क्लेव में पूर्व पंजाब चेयरमैन गुनबीर सिंह की अगुवाई में पैनल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें एयरपोर्ट डायरेक्टर भुपिंदर सिंह के साथ पर्यटन अवसंरचना, मौजूदा चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से रेडिसन ग्रुप का प्रतिनिधित्व जितेंद्र सोहल, आईएचजी ग्रुप से मनीष यादव, वेलनेस एंड हॉस्पिटैलिटी सेगमेंट से गुनीशा खुराना, रिट्ज सेवाओं से पीयूष गोयल तथा वेडिंग वेन्यू क्षेत्र से शिखा सरीन ने किया। सभी ने अमृतसर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त बनाने के लिए ठोस सुझाव रखे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सीआईआई राज्य स्तर पर शहर के प्रशासन और नीति-निर्माताओं के समक्ष एक व्यापक ‘अमृतसर टूरिज्म 2.0’ दस्तावेज प्रस्तुत करेगा। मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया और पार्षद मनदीप सिंह ने पवित्र शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की। इस पर सहमति बनी कि शहर की भलाई के लिए ‘सीआईआई जिम्मेदार नागरिक टूलकिट’ भी तैयार की जाएगी, जिससे नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सके। अमृतसर को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे। ‘सीआईआई जिम्मेदार नागरिक टूलकिट’ भी तैयार की जाएगी


