पलामू जिले में अपराधियों ने दो हाईवा वाहनों को आग के हवाले कर दिया। छतरपुर थाना क्षेत्र के जौरा-करमाचराई मुख्य मार्ग पर कुटिया मोड़ पर यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई। दोनों हाईवा जौरा माइंस से पत्थर लेकर करमाचराई क्रशर की ओर जा रहे थे। माइंस से 3-4 किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग बाइक पर सवार 20-25 वर्ष के करीब 9 हथियारबंद अपराधी आए। उन्होंने वाहनों को रोका और चालकों को नीचे उतारकर पीटा। इसके बाद पेट्रोल डालकर दोनों हाईवा में आग लगा दी। खपडवाडीह की ओर फरार हुए अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी खपडवाडीह की ओर फरार हो गए। दोनों हाईवा छतरपुर के उमाकांत जायसवाल उर्फ मुन्ना के हैं। बुधवार को चालकों के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवध यादव ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ दिन पहले भी नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में कई वाहनों को आग लगाई गई थी। रंगदारी और लेवी वसूली के लिए इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इलाके में नक्सलियों का प्रभाव कम है, लेकिन अपराधियों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।


