पलामू में एक ऑटो चालक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। मृतक रंजीत कुमार मेहता (26) शहर थाना क्षेत्र के निमिया का निवासी था। उसका शव घर से लगभग 9 किलोमीटर दूर पड़वा थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ के पास बटसारा में मिला। शनिवार की रात को हुई इस हत्या का पता रविवार सुबह चला। नदी किनारे घूमने गए ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचित किया। अमानत नदी के पास अलकतरा फैक्ट्री की ओर जाने वाले रास्ते पर शव मिला। शव से थोड़ी दूर पर उसका टेंपू खड़ा मिला। पिता भी 5 दिन से लापता मृतक के पिता राजन मेहता भी पिछले 5 दिनों से लापता हैं। रंजीत शादीशुदा था और दो छोटे बच्चों का पिता था। हत्यारे उसका मोबाइल फोन भी साथ ले गए। पुलिस कॉल डिटेल से मृतक की आखिरी बातचीत का पता लगा रही है। मृतक की भाभी रंजू देवी ने बताया कि रंजीत ने रोजगार के लिए लोन पर टेंपू लिया था। वह शनिवार दोपहर 3 बजे घर से निकला था। रोज रात 9 बजे तक लौट आता था। लेकिन शनिवार को नहीं लौटा। जमीन विवाद में हत्या की आशंका नीलम देवी ने जमीनी विवाद को हत्या का कारण बताया है। उन्होंने पूर्वडीहा गांव के एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि वह व्यक्ति अक्सर उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। पड़वा पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेजा। डॉ. संजय कुमार, डॉ. बीके सिंह और डॉ. अमित विक्रम की तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन सड़क पर शव रख कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।