पलामू में सड़क निर्माण में बाधा:अपराधियों ने चार वाहनों को जलाया, मजदूरों को धमकाया; पुलिस ने घेराबंदी की

झारखंड के पलामू जिले में अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में बड़ी बाधा डाली है। हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कुलहिया पंचायत के जगदीशपुर गांव में सोमवार रात अज्ञात अपराधियों ने निर्माण कार्य में लगे चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना में दो हाइवा, एक पोकलेन और एक ट्रैक्टर पूरी तरह जल गए। अपराधियों ने पहले वाहनों पर काम कर रहे मजदूरों को धमकाया और फिर गाड़ी में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। हरिहरगंज के भगत तेंदुआ से फुलवरिया गांव तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। यह क्षेत्र बिहार की सीमा से सटा हुआ है। यहां बड़े पैमाने पर पत्थर खनन और स्टोन क्रशर का काम होता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि 12 दिन पहले भी पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में स्टोन माइंस के काम में लगे एक हाइवा को जला दिया गया था। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और अपराधियों की पहचान की जांच में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *