पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के रबदा पंचायत स्थित सलैया गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना हुई। बकरी चरा रही 52 वर्षीय समुद्री कुंवर को हाथी ने पटक कर मार डाला। घटना के समय महिला के साथ वार्ड सदस्य बबलू परहिया की मां पानो कुंवर भी थीं। उन्होंने हाथी को देखते ही चिल्लाकर ग्रामीणों को सूचना दी और अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथियों का झुंड जंगल की ओर भाग गया। बबलू परहिया के अनुसार, दो बड़े हाथी और एक बच्चा हाथी औरंगा नदी पार करके जंगल की ओर चले गए। घटना की सूचना सतबरवा थाना, मनिका वन विभाग और सतबरवा सीओ को दी गई। साढ़े तीन लाख रुपए का अतिरिक्त मुआवजा दिया जाएगा थाना के एएसआई संतोष साहू और सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मनिका वन विभाग के रेंजर ठाकुर पासवान ने मृतका के पुत्र को दाह संस्कार के लिए 50 हजार रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। रेंजर ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद साढ़े तीन लाख रुपए का अतिरिक्त मुआवजा दिया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, महिला जान बचाने के लिए पानी के एक नाले में कूद गई थी। लेकिन हाथियों ने पानी में घुसकर उसे पटक-पटक कर मार डाला। सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार ने बताया कि बेतला नेशनल पार्क से सटे होने के कारण हाथी अक्सर इस क्षेत्र में उत्पात मचाते हैं। वे लोगों को कुचलने के अलावा धान की फसलों को भी नष्ट कर देते हैं। पूर्व मुखिया शंभू उरांव ने बताया कि हाथियों का झुंड रबदा पंचायत के रांकी खुर्द, सलैया, रबदा के फुलवरिया, अमझरिया, कुकुरबंधवा और डम्हवा में अक्सर आ जाता है। इसके कारण क्षेत्र के निवासी हमेशा भयभीत रहते हैं।