धौलपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने मध्य प्रदेश बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पशुओं से भरे दो ट्रक को जब्त किए हैं। पुलिस ने ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे 98 पशुओं को मुक्त कराकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रमेंद्र रावत ने बताया कि एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने मध्य प्रदेश बॉर्डर स्थित चंबल चैक पोस्ट पर नाकाबंदी करते हुए हेड कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पशुओं से भरे 2 ट्रक को रोक लिया। पुलिस ने दोनों ट्रकों में ठूंस-ठूंस कर भरे हुए 98 पशुओं को मुक्त करा लिया। उन्होंने बताया कि ट्रक में मौजूद दोनों आरोपी पशुओं को उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक में मौजूद दो आरोपी शौकीन (32) पुत्र इंसाफ खान निवासी मुरैना मध्य प्रदेश और मौनू (27) पुत्र सलीम निवासी मुरैना मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस पशु तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।


