विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान पशुधन बीमा योजना के सवाल-जवाब के दौरान जोरदार हंगामा हुआ। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग व कांग्रेस विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सदन में भाषा की मर्यादा टूट पीछे छूट गई और बहस तू-तड़ाक तक पहुंच गई। गर्ग ने यहां तक कह दिया कि मंत्री आपके गुलाम नहीं है और सदन में तमीज से बात होनी चाहिए। वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस विधायकों ने खेल मैदान के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के जवाब को अधूरा बताते हुए वेल में आकर नारेबाजी व हंगामा किया। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी। कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने पूरक प्रश्न पूछते हुए कहा कि लिखित उत्तर व मंत्री ने जो बोला है, उसमें अंतर है। मंत्री बाड़मेर के प्रभारी भी है। पाली में जाते है तो मदन राठौड़ (भाजपा प्रदेशाध्यक्ष) रहते है। इस पर पटेल ने कहा कि कांग्रेस के काल खंड में ऐसे कारनामे हुए हैं। आपको (हरीश) मंत्रीमंडल से क्यों हटाया था। बीमा का कितना प्रीमियम इन कंपनियों को दिया और कितना क्लेम राजस्थान में मिलेगा? इस पर हरीश चौधरी ने कहा कि जोगाराम जी हुल्लड़ से जवाब नहीं मिलेगा। ये बता दो कि बीमा का कितना प्रीमियम इन कंपनियों को दिया और कितना क्लेम राजस्थान में मिलेगा? मंत्री पटेल जवाब देने लगे तो स्पीकर ने कहा कि एक प्रश्न आधा घंटा नहीं चल सकता। इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि दोनों ही पूरक प्रश्न के जवाब नहीं आए। ऐसे काम नहीं चलेगा। भाजपा व कांग्रेस विधायक के बीच बहस होने लग गई। जोगेश्वर गर्ग बोले- कांग्रेस ने बदतमीजी का ठेका ले रखा है। हर समय बदतमीजी करते हो। तमीज से बात करना चाहिए। यह सदन है, आपके गुलाम नहीं, मंत्री है। इस पर जूली ने कहा कि यानी जवाब नहीं दे सकते। उधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सदन के बतौर नेता विधानसभा में जवाब देंगे। ट्रेड डील के विरोध में सदन के बाहर टीशर्ट पहनकर पहुंचे कांग्रेसी विधानसभा सत्र से पहले सोमवार सुबह कांग्रेस विधायकों ने अपने सरकारी आवासों से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते का विरोध करते हुए विधानसभा के बाहर नारेबाजी की। कुछ विधायकों ने सफेद टी शर्ट पहने रखी थी, जिस पर लिखा कि पीएम इज कंप्रोमाइज लिखा था। नेता प्रतिपक्ष जूली ने आरोप लगाया कि व्यापार वार्ता में भारत के हितों की पर्याप्त सुरक्षा नहीं की गई है। खेल मैदान मुद्दे पर वेल में नारेबाजी
सीकर स्थित बाजौर के सरकारी स्कूल के खेल मैदान की जमीन निजी फर्म मैसर्स बाजार डेजर्ट सफारी एंड रिजोर्ट को एनओसी देने के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री दिलावर के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने शिक्षा मंत्री को मानसिक रूप से भ्रमित तक कह दिया। डोटासर ने पलटवार करते दिलावर को बीमार बोल दिया। दिलावर ने कहा कि शिक्षा विभाग ने खेल मैदान के उपयोग में नहीं लिया, इसलिए आवंटन निरस्त करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इससे नाराज पारीक व अन्य कांग्रेसी विधायक वेल में आ गए। सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। मंडियों को 50 करोड़ का कॉर्पस फंड
प्रदेश की कमजोर वित्तीय हालत वाली कृषि उपज मण्डी समितियों में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए 50 करोड़ रुपए का कॉर्पस फण्ड बनाया गया है। वर्ष 2025 में निदेशालय स्तर पर गठित फंड में 30 करोड़ रुपए जमा हैं। खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में इसकी जानकारी दी। प्रश्नकाल के दौरान विधायक समरजीत सिंह के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए गोदारा ने कहा कि भीनमाल कृषि उपज मण्डी समिति में जिंस रखने की पर्याप्त सुविधा है किन्तु बारिश में भीगने की संभावना रहती है। कॉर्पस फंड से 1.37 करोड़ से नाला बनेगा।


