पश्चिमी राजस्थान में अब गर्मी का दौर:बीकानेर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचा, दोपहर में गर्मी

बीकानेर में मौसम ने करवट ले ली है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शहर में अधिकतम तापमान अब बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके चलते दोपहर के समय गर्मी का असर महसूस होने लगा है। धूप तेज होने से लोग अब सर्द कपड़ों से राहत पा रहे हैं और दिन में हल्के कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ने लगा है। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया है। बीकानेर में रात का तापमान अब 15.3 डिग्री सेल्सियस हो गया है। सुबह और देर शाम हल्की ठंड तो बनी हुई है, लेकिन सर्दी का असर पहले के मुकाबले काफी कम हो गया है। मौसम में यह बदलाव पिछले दो दिनों से लगातार जारी है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राजस्थान में मौसम शुष्क बना रहा। किसी भी जिले में बारिश या बादल छाने की स्थिति नहीं रही। राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पाली में 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां रात की ठंड अभी भी बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान अब होगा गर्म मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा हालात में पश्चिमी राजस्थान में तापमान धीरे-धीरे और बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में दिन की गर्मी में इजाफा होने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। ऐसे में बीकानेर सहित आसपास के इलाकों में मौसम दिन में गर्म और सुबह-शाम हल्का ठंडा रहने की संभावना जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *