भास्कर न्यूज | जामताड़ा पहलगाम में हुए आतंकी हमले की गोड्डा के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी ने शनिवार को जामताड़ा में प्रेस वार्ता कर कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्र सरकार से बदला लेने की मांग की और कहा कि कांग्रेस इस पर सरकार के साथ खड़ी है, बशर्ते ठोस कदम उठाए जाएं। कहा कि यह हमला निहत्थे नागरिकों पर किया गया कायराना हमला है। इससे पूरा देश शोक में डूबा है। उन्होंने कहा इस घटना का बदला लिए बिना मृतकों की आत्मा को शांति नहीं मिल सकती। चेताया कि अगर केंद्र सरकार निर्णायक कार्रवाई नहीं करती, तो यह माना जाएगा कि यह सिर्फ देश की 150 करोड़ जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। प्रेस वार्ता में अंसारी ने कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली की नई तिथि की घोषणा भी की। यह रैली पहले 3 मई को रांची में होनी थी, अब 6 मई को आयोजित की जाएगी। उन्होंने जामताड़ा और संथाल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में रैली में शामिल हों और संविधान की रक्षा के लिए एकजुटता दिखाएं। मौके पर दीपिका बेसरा, वर्षा कुमारी, विजय दुबे, इरशाद उल हक, दाऊद अंसारी, तनवीर आलम, भगीरथ पंडित और बुलू चक्रवर्ती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।