कोडरमा | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कोडरमा सोमवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगी। पार्टी ने कहा कि भारत सरकार ने पाकिस्तान के नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया था। इसके बावजूद अब तक सभी लोग भारत नहीं छोड़ पाए हैं। भाजपा ने झारखंड सरकार से मांग की है कि ऐसे लोगों को जल्द पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसको लेकर 5 मई को सुबह 11 बजे बजरंगबली चौक, कोडरमा में कार्यकर्ता एकत्र होंगे। वहां से जिला कार्यालय तक मार्च किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में कोडरमा की विधायक नीरा यादव शामिल रहेंगी। साथ ही प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष अनुप जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।