स्पोर्ट्स रिपोर्टर | भिलाई छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित सीनियर वर्ग एलीट ग्रुप चार दिवसीय अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग राउंड के पहले चरण के मैच खेले गए। इसमें आरडीसीए में बिलासपुर ब्लू और सरगुजा के बीच हुए मैच में बिलासपुर ब्लू ने सरगुजा को 10 विकेट से हराकर 7 अंक अर्जित किए। इसके अलावा अन्य सभी मैच बराबरी पर छूटे। पहली पारी में बढ़त के आधार पर रायपुर, प्लेट कंबाइंड और रायपुर ब्लू की टीम को 3-3 अंक मिले। पिछड़ने वाली टीमों को 1-1 अंक से संतुष्ट होना पड़ा। कांकेर में बीसीए और रायपुर के बीच खेला गया मैच बराबरी पर छूटा। रायपुर को पहली पारी में बढ़त के आधार पर 3 अंक मिले। हालांकि बीसीए के कप्तान संजीत देसाई ने 110 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन वह पर्याप्त साबित नहीं हुआ। पहली पारी में बीसीए 312 रन पर सिमट गई थी। वहीं रायपुर ने पहली पारी में 8 विकेट पर 509 रन बनाकर पारी घोषित की थी। फॉलोऑन खेलते हुए बीसीए ने दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होते तक एक विकेट पर 36 रन बनाए। सेक्टर-10 क्रिकेट मैदान में रायपुर ब्लू और बिलासपुर के बीच खेला गया मैच भी ड्रॉ रहा। रायपुर ब्लू को पहली पारी में बढ़त के आधार पर 3 अंक मिले। बिलासपुर को एक अंक से संतोष करना पड़ा। दूसरी पारी में बिलासपुर के अभिषेक सौगौरा ने 101 रन की शतकीय पारी खेली। इसी तरह राजनांदगांव दिग्विजय स्टेडियम में पीसी और जांजगीर-चांपा के बीच खेला गया मैच भी ड्रॉ रहा। पहली पारी में बढ़त के आधार पर पीसी को 3 और जांजगीर-चांपा को एक अंक मिला।


