राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में 20 वर्षीय मुस्कान साहू ने आत्महत्या के प्रयास में पहले चूहा मारने वाला जहर खाया और फिर अपने शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने शुक्रवार की रात दम तोड़ दिया। युवती बोली- मुझे जीना नहीं है
दरअसल, एक दिन पहले गुरुवार की शाम भोजपुर नाके के पास रहने वाली मुस्कान (20) ने अपने घर में यह कदम उठाया। आग में जलने के कारण उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी। खिलचीपुर के डॉक्टर ने जब उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने कहा, “मुझे जीना नहीं है”। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया, लेकिन 90% से अधिक जल चुकी मुस्कान को बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार को भोपाल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या का कारण अज्ञात
मुस्कान के इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। खिलचीपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या कोई व्यक्तिगत समस्या, मानसिक तनाव, या पारिवारिक विवाद उसकी आत्महत्या का कारण था। परिजन भी पुलिस को घटना को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाए हैं।


