भास्कर न्यूज |जांजगीर जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन कक्षा 12वीं के भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 8017 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7910 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 107 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी केंद्र से नकल का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया, जिससे प्रशासन ने संतोष जताया है। विकासखंडवार स्थिति पर नजर डालें तो अकलतरा में 1166 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1152 उपस्थित और 14 अनुपस्थित रहे। बलौदा में 940 में से 925 उपस्थित तथा 15 अनुपस्थित रहे। बम्हनीडीह में 1279 में से 1263 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 16 अनुपस्थित रहे। नवागढ़ में 2659 में से 2638 उपस्थित और 21 अनुपस्थित दर्ज किए गए। पामगढ़ में 1973 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1932 उपस्थित और 41 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित निरीक्षण दल ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिवनी नैला, जर्वे, विद्या भारती संस्कृत विद्यालय गोवाबंद, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदा तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, कक्ष निरीक्षण तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर भी अलग-अलग निरीक्षण दल सक्रिय रहे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी अकलतरा के नेतृत्व में गठित दल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटमीसोनार, पोड़ीदल्हा और कन्या अकलतरा का निरीक्षण किया। बलौदा विकासखंड की टीम ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदा एवं सरस्वती शिशु मंदिर का औचक निरीक्षण किया। नवागढ़ विकासखंड की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकली, धारशिव, खोखरा तथा सेजेस क्रमांक 02 जांजगीर का निरीक्षण किया। पामगढ़ विकासखंड की टीम ने डोंगाकोहरौद, भिलौनी, ससहा एवं कोसीर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आगामी परीक्षाओं को भी संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है।


