पहले शराब पी फिर टीका लगाया, ओवरडोज से हुई मौत तो 2 दोस्त घर के बाहर छोड़ भागे

भास्कर न्यूज | अमृतसर राजासांसी के गांव राणेवाली में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत हो गई। जब युवक की मौत हुई तो 2 दोस्त उसे घर के बाहर छोड़कर भाग गए। जब परिजन अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिलबाग सिंह (30) के रूप में हुई है। दिलबाग राज मिस्त्री का काम करता था और कमाने वाला अकेला था। पुलिस ने दोनों आरोपी दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सोनू सिंह और बलविंदर सिंह निवासी राणेवाली के रूप में हुई है। एएसआई जसबीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। वहीं परिजनों ने संस्कार कर दिया है। मृतक के पिता प्रणाम सिंह ने बताया कि बेटा राज मिस्त्री का काम करता है। दिन में उसके 2 दोस्त बाइक पर अपने साथ लेकर गए थे। शाम तक बेटा वापस नहीं आया। रात 8 बजे बेटे दिलबाग सिंह को बेहोशी हालात में उसके दोस्त घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। जब उन्होंने दिलबाग को देखा तो अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने आरोप लगाया कि 2 दोस्तों ने पहले दिलबाग को शराब पिलाई और फिर नशे का टीका लगा दिया। ओवरडोज होने पर उसकी मौत हो गई। अगर दोस्त उसे तुरंत अस्पताल ले जाते तो शायद उनका बेटा बच जाता मगर वह घर के बाहर छोड़ गए। उनकी लापरवाही के कारण बेटे की मौत हुई है। पीड़ित पिता ने बताया कि 7 साल पहले बेटे दिलबाग की शादी हुई थी। उसकी 2 बेटियां है। एक 3 साल तो दूसरी 2 साल की है। बहू अभी 9 माह की गर्भवती है। दिलबाग की मौत से परिवार को सदमा लगा है। वह गरीब परिवार से हैं। घर का गुजारा चलाने वाला दिलबाग था। दिलबाग की मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *