पहाड़गांव-गोपालपुर सड़क को प्रशासनिक मंजूरी मिली

सूरजपुर | प्रदेश में ग्रामीण अधोसंरचना को गति देने के तहत सूरजपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र को नई सड़क परियोजना की सौगात मिली है। पहाड़गांव से गोपालपुर होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक पहुंच मार्ग के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल है। परियोजना के तहत 5.10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पुल-पुलिया सहित किया जाएगा। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क सड़क के रूप में विकसित होगा और जिला मुख्यालय तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करेगा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क केवल भौतिक संरचना नहीं, बल्कि विकास की आधारशिला है। सुदृढ़ सड़क नेटवर्क से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस मार्ग के निर्माण से आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी, और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक त्वरित पहुंच संभव होगी। सड़क परियोजना से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार चरणबद्ध तरीके से कर रही है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *