पहाड़ी इलाकों में 4-5 दिन तक बर्फबारी के आसार:मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है, दिल्ली का AQI फिर 400 हुआ

IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वेस्टर्न हिमालय में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। अलगे 4-5 दिनों में इन इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 4 और 5 जनवरी को भारी बर्फबारी की आशंका है। आस-पास के मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। दिल्ली के मौसम के बारे में उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को शहर में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरी राज्यों में शीतलहर जारी रहेगी। हालांकि अगले दो-तीन दिनों में तापमान 2 से 3°C तक बढ़ सकता है। इस बीच, शहर का अधिकतम तापमान 21.2°C और न्यूनतम तापमान 7°C दर्ज किया गया। इसके अलावा एयर क्वालिटी इंडेक्स में 400 से ज्यादा की रीडिंग दर्ज की गई, जो गंभीर श्रेणी का प्रदूषण दर्शाता है। जम्मू-कश्मीर में शीतलहर जारी है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। IMD के मुताबिक श्रीनगर में -1.2°C, गुलमर्ग में 0.8°C, पहलगाम में -3.8°C, बनिहाल में 3.6°C और कुपवाड़ा में -1°C तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान का तापमान गिरा, पंजाब-हरियाणा में घना कोहरा
राजस्थान के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जबकि तापमान 10.2°C दर्ज किया गया। IMD के मुताबिक जैसलमेर में तापमान 9.6°C, श्रीगंगानगर में 6.8°C, उदयपुर में 7°C, बीकानेर में 9.2°C और चूरू में 7.8°C दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में भी घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। दोनों राज्यों में पिछले कुछ दिनों में दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई है और यह 12 से 16°C के बीच बना हुआ है। बीते दिन चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 10.4°C किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.1°C करनाल में 9.4°C, रोहतक में 9.2°C दर्ज किया गया। जबकि पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.2°C, लुधियाना में 8.4°C, पटियाला में 8.2°C दर्ज किया गया। श्री आनंदपुर साहिब में न्यूनतम तापमान 9.4°C दर्ज किया गया। दिल्ली में 400+ फ्लाइट्स और गुवाहाटी में 30+ फ्लाइट्स लेट
ठंड और खराब मौसम का असर कनेक्टिविटी पर भी पड़ रहा है। दिल्ली में शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रहा और विजबिलिटी जीरो तक पहुंच गई। इसके चलते करीब 400 फ्लाइट्स लेट हो गईं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के मुताबिक करीब 470 फ्लाइट्स लेट हुईं। वहीं, गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक दर्जन से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि 30 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि घने कोहरे की वजह से पूरा परिचालन बाधित रहा। आने वाले दिनों में भी ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *