पहाड़ी गांव में 10 लाख की नकबजनी का खुलासा:मुख्य सरगना सहित 5 आरोपी एक सप्ताह में गिरफ्तार

धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में हुई करीब 10 लाख रुपए की नकबजनी का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना दीपेन्द्र त्यागी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी किए गए सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चंद्र विश्नोई के मार्गदर्शन और धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और वृत्ताधिकारी खलील अहमद के सुपरविजन में थानाधिकारी राहुल कुमार (प्रशिक्षु आरपीएस) के नेतृत्व में एक टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को पहाड़ी निवासी जुगुनू पुत्र कम्बोद त्यागी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी की रात वह परिवार सहित एक शादी समारोह में गए थे। अगली सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के चौक में छत पर लगा लोहे का जाल उखाड़कर अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया था। चोर अलमारी में रखी सोने की चेन, अंगूठियां, झुमकी और पेंडल सहित अन्य गहने चुरा ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बीटीएस डेटा, सीडीआर विश्लेषण, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल टीम की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। संदिग्धों से पूछताछ के बाद वारदात का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले सूने मकान की रेकी की थी और एक ढाबे पर बैठकर चोरी की योजना बनाई थी। वारदात के समय उन्होंने अपने मोबाइल घर पर छोड़ दिए थे और दस्ताने पहनकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपेन्द्र त्यागी (24), हरिओम उर्फ लुक्का (20), शैलेन्द्र उर्फ शैलू (20), दीपक उर्फ दीपू (23) और सचिन उर्फ सतेन्द्र (23) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने बरामद किए हैं। इस वारदात का खुलासा करने में हेड कांस्टेबल कुशलपाल सिंह और कांस्टेबल मनोज की विशेष भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *